चामू क्षेत्र में पकड़ा गया किसान पर हमला करने वाला पैंथर, बेहोश कर लाया जा रहा है जोधपुर

रास्ता भटक कर जिले के चामू क्षेत्र में पहुंचे पैंथर को वन विभाग की टीम ने बुधवार दोपहर बेहोश कर पकड़ लिया। पांच वर्षीय इस पैंथर ने क्षेत्र में एक बकरी को मार दिया था। साथ ही एक किसान पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इस पैंथर को अब जोधपुर लाया जा रहा है। कुछ दिन यहां रखने के बाद इसे अरावली की पहाड़ियों में छोड़ दिया जाएगा। इसे पकड़ने वाले जोधपुर के डॉ. श्रवण सिंह राठौड़ अब तक 32 पैंथर पकड़ चुके है। 



चामू एरिया में सोमवार रात को पैंथर पहुंच गया था। रात में ही कस्बे के निकट खुडियाला रोड पर एक खेत में बकरी का शिकार कर लिया। ग्रामीणों को सुबह पता चला और उन्होंने वन विभाग व प्रशासन काे सूचना दी। इसके बाद देचू वन्यजीव सुरक्षा चौकी से कर्मचारी पहुंचे। सर्च अभियान के दौरान सरसों की फसल से आए पैंथर ने लाठी लिए आगे-आगे चल रहे किसान पर हमला कर दिया। उन्हें वन विभाग के कर्मचारियों व ग्रामीणों ने छुड़ाया। इतने में पैंथर वापस फसल में छिप गया। पैंथर के आने की सूचना पर समूचे क्षेत्र में डर का माहौल पैदा हो गया। वन विभाग व प्रशासन के अधिकारियों ने सावचेती बरतने का कहा है। जहां बकरी का शिकार किया था, वहीं पर पिंजरा रखा गया है। पूरे दिन पकड़ में नहीं आने पर देर शाम कार्रवाई बंद करनी पड़ी। 



आज सुबह एक बार फिर पैंथर पकड़ने के विशेषज्ञ जोधपुर के डॉ. श्रवण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सर्च अभियान शुरू किया गया। सरसों की फसल के बीच एक खेत में बैठे पैंथर पर निशाना साध डॉ. राठौड़ ने उसे बेहोश कर दिया। बेहोश पैंथर को ग्रामीणों से बचाने के लिए डॉ. राठौड़ उसे अपने कंधों पर रख वहां रखे पिंजरे तक लेकर आए। उसे अब जोधपुर लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पांच वर्षीय इस नर पैंथर को पकड़ने के लिए आज सुबह से सर्च टीम को काफी पैदल चलना पड़ा। खेत में छुपे पैंथर पर निशाना लगाने में काफी दिक्कत हुई। खेत में वाहन नहीं जाने के कारण इस दौरान पैंथर के हमला करने का डर बना रहा।